Friday, March 11, 2011

जापान में भूकंप के बाद सुनामी, 300 की मौत: 11 march 2011

WD
जापान के उत्तर-पूर्वी तट पर शुक्रवार को 8.9 की तीव्रता के भूकंप के बाद उठी 33 फुट उँची सुनामी लहरों ने भारी तबाही मचाई है जिसकी वजह से सैकड़ों लोगों के मारे जाने के समाचार मिल रहे हैं। जापान के अधिकारी भूकंप के कारण हुई क्षति के अलावा घायलों और मृतकों की संख्या बताने में असमर्थ हैं, लेकिन स्थानीय मीडिया ने मरने वालों की संख्या 75 से ज्यादा बता रहा है, जबकि से सेंडाई पोर्ट सिटी में 300 से ज्यादा शव देखें गए हैं।

सेनुआ शहर आग की लपटों से घिर गया है। इसी बीच जापान के प्रधानमंत्री नाओतो कान ने कहा है कि सभी परमाणु संयंत्र सुरक्षित हैं। फुकुशिमा परमाणु संयंत्र से 2000 लोगों को सुरक्षित बाहार निकाल लिया गया है।

स्थानीय समय अनुसार भूकंप रात के दो बजकर 46 मिनट पर आया जिसके बाद कई तगड़े झटके आए जिसमें आधे घंटे बाद आया 7.4 की तीव्रता का भूकंप भी शामिल है। अमेरिकी भूगर्भ सर्वे ने भूकंप की तीव्रता 8.9 बताई जबकि जापान के मौसम विज्ञान विभाग ने इसे 7.9 मापा।

मौसम विज्ञान विभाग ने जापान के पूरे प्रशांत महासागर के तट के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। एनएचके ने चेतावनी दी कि तट के नजदीक रहने वाले लोग सुरक्षित इलाकों की ओर चले जाएँ।

जापान के प्रधानमंत्री नाओतो कान ने कहा है कि बड़े क्षेत्रफल में भारी ताबही हुई है, हालाँकि परमाणु संयंत्रों को कोई नुकसान नहीं पहुँचा। प्रभावित इलाकों में सैनिकों को भेजने की तैयारी की जा रही है। जापानी रक्षा मंत्री तोशिमी किताजावा ने कहा कि रक्षा मंत्रालय और आत्म-रक्षा बल जरूरत पड़ने पर अमेरिकी सैनिकों के साथ मिलकर काम करें।